राज्य
07-Apr-2026
...


:: 20 वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन; 27 अप्रैल को देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान आंदोलन की इंदौर में भी तैयारी :: इंदौर (ईएमएस)। गौसेवा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में समर्पित संस्था गौसेवा भारती द्वारा पिछले दो दशकों से चली आ रही सम्मान की परंपरा को गरिमापूर्ण ढंग से निभाया गया। लोकमान्य नगर स्थित लोखंडे सभागृह में आयोजित एक भव्य समारोह में शहर के 9 प्रमुख गौभक्तों को दादाभाई स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सद्गुरु डॉ. अण्णा महाराज, विहिप के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष हुकुमचंद सावला एवं पं. योगेन्द्र महंत ने की, जबकि विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में परम गौभक्त स्वर्गीय गुलाबचंद खंडेलवाल (दादाभाई) की स्मृति में राधेश्याम काबरा, सीमा सेन, सोनम शर्मा, सुभाष पुरोहित, पारस कोठारी, रामकुमार महाराज, संजय-तृप्ति अग्रवाल सहित 9 गौसेवकों को प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता हुकुमचंद सावला ने सभी को गौसेवा का संकल्प दिलाया, वहीं डॉ. अण्णा महाराज ने गौसेवा को ईश्वर की सेवा के समान पुण्यदायी बताया। पं. योगेन्द्र महंत ने गौ हत्या को देश के लिए कलंक करार दिया। :: आंदोलन की रणनीति और नई नियुक्तियां :: कार्यक्रम में 27 अप्रैल को होने वाले देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की गई। अमित राजपूत ने बताया कि साधु-संतों के नेतृत्व में देश की 600 तहसीलों में प्रदर्शन होगा, जिसके तहत इंदौर में सुबह 10 बजे कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी मंच से गौसेवा भारती, चैतन्य भारत और मातृशक्ति की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। स्वास्थ्य कारणों से नरेश वसाइनी ने अपना दायित्व पं. सीताराम व्यास को सौंपा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुए इस आयोजन में सुरेश पिंगले, कांतिभाई पटेल, विष्णु गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रो. डॉ. विनायक पांडे ने किया। प्रकाश/07 अप्रैल 2026 संलग्न चित्र – लोखंडे सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित गौसेवकों के साथ अतिथिगण।