राज्य
07-Apr-2026


--ज्ञापन देते किसान हाथरस (ईएमएस)। क्षेत्र में हाल ही में हुई असमय आंधी, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की तैयार रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। खेतों में गेहूं, सरसों और आलू की फसलें गिरकर नष्ट हो गईं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।किसानों की इस समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और शीघ्र क्षतिपूर्ति की मांग उठाई।पदाधिकारियों ने बताया कि सासनी ब्लॉक सहित जिले के कई क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदा ने भारी नुकसान पहुंचाया है। ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा कि महंगाई से जूझ रहे किसानों पर इस आपदा ने और संकट बढ़ा दिया है, जिससे उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है।जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौधरी ने मांग की कि प्रशासन तत्काल गिरदावरी कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करे और किसानों को उनकी क्षति के अनुरूप उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे आगामी खरीफ सीजन की तैयारी कर सकें।जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शासन के निर्देशानुसार नुकसान का सर्वे कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान वीरपाल सिंह (जिला मंत्री), माधवी सिंह (जिला महिला प्रमुख), रघुवर दयाल शर्मा (जिला उपाध्यक्ष), योगेंद्र सिंह (जिला जैविक प्रमुख), अजय चौधरी (पूर्व जिला अध्यक्ष), लखन सिंह (कार्यकारी सदस्य), मनोज मिश्रा (सासनी ब्लॉक उपाध्यक्ष), रजत राना (सिकंदराराऊ प्रभारी) सहित कई किसान मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 अप्रैल 2026