--जलकर राख हुई गेहूं की फसल हाथरस (ईएमएस)। सासनी क्षेत्र के गांव छौंड़ा गड़ाऊआ में ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण एक किसान की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।मिली जानकारी के अनुसार, मुकुंद खेड़ा मार्ग स्थित किसान मोनू कुमार पुत्र मदन लाल के खेत के पास लगे ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर की केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारियों ने सूखी खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब छह बीघा के चक में से दो बीघा फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे अन्य फसल को बचा लिया गया।पीड़ित किसान के अनुसार इस घटना में करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर लेखपाल मौसीन खां मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।किसान ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 अप्रैल 2026