--निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा करते जिलाधिकारी अतुल वत्स हाथरस (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय और जिला पूर्ति कार्यालय का जिलाधिकारी अतुल वत्स ने औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पटल सहायकों से उनके कार्यों की जानकारी ली और अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव के निर्देश दिए।डूडा कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों, वितरित धनराशि और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने काशीराम आवास शहरी योजना के तहत निर्मित एवं आवंटित भवनों तथा पीएम स्वनिधि योजना की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आवासों का सत्यापन कार्य लंबित न रहे। साथ ही स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को नियमित रूप से ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि वे स्वरोजगार स्थापित कर सकें।उन्होंने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण कर कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। पीएमएवाई 2.0 योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति कार्यालय और स्टोर रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्टोर रूम में अनावश्यक सामग्री पाए जाने पर उन्होंने उसे हटाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप आम जनता की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 अप्रैल 2026