अफगानिस्तान में निहत्थों की हत्या के गंभीर आरोप, पांच मामलों में उम्रकैद तक की सजा संभव सिडनी,(ईएमएस)। ऑस्ट्रेलिया के सबसे चर्चित और सम्मानित पूर्व सैनिकों में शामिल बेन रॉबर्ट्स-स्मिथ को वॉर क्राइम के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें मंगलवार को सिडनी एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, 47 वर्षीय रॉबर्ट्स-स्मिथ पर अफगानिस्तान में तैनाती के दौरान निहत्थे लोगों की हत्या के पांच मामलों में आरोप तय किए गए हैं। ये घटनाएं 2009 से 2012 के बीच की बताई जा रही हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि इन मामलों में अधिकतम सजा उम्रकैद हो सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, जिन लोगों को निशाना बनाया गया, वे न तो हथियारबंद थे और न ही किसी सक्रिय लड़ाई में शामिल थे। आरोप है कि उन्हें हिरासत में लेने के बाद मार दिया गया। कुछ मामलों में कथित तौर पर गोली खुद रॉबर्ट्स-स्मिथ ने चलाई, जबकि अन्य घटनाओं में उनके आदेश पर कार्रवाई की गई। विक्टोरिया क्रॉस विरता पुरस्कार से हैं सम्मानित बेन को उनके सैन्य योगदान के लिए ऑस्ट्रेलिया का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार ‘विक्टोरिया क्रॉस’ भी मिल चुका है, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील बन गया है। हालांकि, उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से लगातार इनकार किया है। यह मामला ऑस्ट्रेलियाई सेना की अंतरराष्ट्रीय छवि और सैन्य आचरण पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। हिदायत/ईएमएस 08अप्रैल26