बीजेपी अध्यक्ष बोले- खड़ेगे सज्जन व्यक्ति हैं, ये गांधी परिवार के शब्द नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा बीजेपी और आरएसएस पर की गई ‘जहरीले सांप’ वाली टिप्पणी ने राजनीतिक घमासान को जन्म दे दिया है। इस बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे सांप्रदायिक आधार पर लोगों को भड़काने वाला करार दिया। नितिन नवीन ने एक इंटरव्यू में कहा कि खरगे का बयान पूरी तरह जनता को सांप्रदायिक रूप से भड़काने के लिए दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने खरगे को एक-एक बात सिखाई थी, लेकिन उन्होंने बयान कुछ और ही कहा। नवीन ने कहा, “खरगे सज्जन व्यक्ति हैं, वह ऐसे अमर्यादित शब्दों का प्रयोग नहीं करते थे, ये गांधी परिवार के शब्द हैं जो अब उनके मुंह से निकल रहे हैं।” बीजेपी अध्यक्ष ने पवन खेड़ा बनाम असम के मुख्यमंत्री मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित के मामलों में बीजेपी हर हाल में अपनी जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट में नाम के साथ हेर-फेर का खेल सामने लाया जाएगा। उनका मानना है कि राजनीति में शब्दों की एक सीमा होनी चाहिए, लेकिन जब राष्ट्रीय हित की बात आती है, तो उसे उजागर करना जरूरी है। खरगे का यह बयान असम में चुनाव प्रचार के दौरान सामने आया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि अगर सामने से कोई जहरीला सांप गुजर रहा हो, तो नमाज पढ़ते हुए भी उसे मार देना चाहिए और भाजपा व आरएसएस को उन्होंने इसी जहरीले सांप से तुलना की। इस बयान के बाद दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को शिकायत सौंपी। शिकायत में कहा गया कि खरगे ने भाजपा की तुलना जहरीले सांप से की और किसी विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने राजनीतिक परिदृश्य में नया विवाद खड़ा कर दिया है और आगामी चुनावी सरगर्मियों में इसे एक अहम मुद्दा माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26