गुना (ईएमएस)। गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में ठगी, धोखाधड़ी, गबन एवं अन्य आर्थिक अपराधों को गंभीरता से लेते हुए इन अपराधों में निरंतर सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । पुलिस अधीक्षक श्री सोनी द्वारा ऐसे प्रकरणों को विशेष गंभीरता से लेते हुए समय-समय पर समीक्षा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए जा रहे हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में कुम्भराज थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी तथा उनकी टीम द्वारा धोखाधड़ी के एक गंभीर प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है । उल्लेखनीय है कि दिनांक 27 जुलाई 2025 को फरियादी यश श्रीमाल निवासी कुंभराज द्वारा कुंभराज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात लोगों ने उसे व्हाट्सएप एवं अन्य माध्यमों से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लालच देकर ठगी का शिकार बनाया गया । आरोपियों द्वारा स्वयं को एक प्रतिष्ठित कंपनी “Canyon Asset” का प्रतिनिधि बताते हुए फरियादी को फर्जी लिंक के माध्यम से जोड़कर निवेश कराने के लिए प्रेरित किया गया । आरोपियों द्वारा प्रारंभ में कुछ राशि पर लाभ दिखाकर विश्वास में लिया गया, जिसके बाद विभिन्न बैंक खातों में चरणबद्ध तरीके से करीबन 74 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई । बाद में फरियादी को उसके पैसे वापस नहीं दिए गए तथा अतिरिक्त धनराशि की मांग की जाने लगी, जिससे उसे अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ । उक्त रिपोर्ट पर से अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कुंभराज थाने में अप.क्र. 162/25 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने फरियादी के साथ हुई लाखों रुपये की धोखाधडी के उक्त मामले को गंभीरता से लिया और प्रकरण के अज्ञात आरोपियों की पतारसी कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए । निर्देशानुसार कुंभराज थाना पुलिस द्वारा मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की जाकर आरोपी की निरंतर तलाश व पतारसी की गई । जिसके परिणाम स्वरुप आज दिनांक 07 अप्रैल 2026 को कुंभराज थाना पुलिस द्वारा सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी सुनील पुत्र शंकरलाल चौधरानी उम्र 40 साल निवासी सी ब्लॉक, सेक्टर-9 थाना सबीना जिला उदयपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया । प्रकरण की विवेचना जारी है । पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान लिंक, कॉल या निवेश संबंधी प्रस्ताव पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें एवं साइबर ठगी से सतर्क रहें। कुम्भराज थाना पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, आरक्षक अवनीश जाट, आरक्षक अभिषेक शर्मा एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव एवं भूपेन्द्र खटीक की विशेष भूमिका रही है ।।-सीताराम नाटानी