क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के तत्वावधान में आज 9 अप्रैल को विश्व नवकार महामंत्र दिवस वैश्विक स्तर पर मनाया जा रहा है जिसके तहत विश्व के 140 देशों में नवकार महामंत्र दिवस मनाते सामूहिक आराधना की जाएगी। जीतो के इस दूसरे वार्षिक आयोजन अवसर पर विश्व शांति, सौहार्द और मानव कल्याण के उद्देश्य से एक ही समय पर वसुदेव कुटुंबकम और सभी सुखी रहें की भावना को साकार करते हुए पूरी दुनिया एक साथ नवकार महामंत्र के जाप में सहभागी बनेगी। आज 9 अप्रैल को मनाएं जा रहे इस विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर इन्दौर में भी करीब एक लाख लोग ये जाप करेंगे। साथ ही अमेरिका-ईरान, रशिया-यूक्रेन युद्ध को देखते विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी। इंदौर के सभी जैन मंदिरों के अलावा परिवारों में भी जाप का आयोजन होगा। समाज की संस्था जीतो के ट्रस्टी जयसिंह जैन के अनुसार वैश्विक आंदोलन बन चुके इस आयोजन में सभी समाजजन एकजुट होकर भाग लेंगे। अब तक 50 हजार से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। इन्दौर में 70 से अधिक स्थानों पर आयोजन होगा जिसमें मुख्य आयोजन अभय प्रशाल में रखा गया है जहां दस हजार से अधिक श्रद्धालु सुबह 8.01 बजे से 9.36 बजे तक महामंत्र का जाप करेंगे। जयसिंह जैन के अनुसार कार्यक्रम में समाज का कोई बंधन नहीं है ये आयोजन विश्व शांति के लिए किया जा रहा है जो वर्तमान परिस्थिति में मानवता के लिए बहुत आवश्यक है। - आनंद पुरोहित/ 08 अप्रैल 2026