- एक हाथ में पिस्टल, दूसरे में हथियार लेकर घूमता नजर आया बदमाश शादाब भोपाल(ईएमएस)। कोहेफिजा थाना इलाके में स्थित हमीदिया अस्पताल में बीती 14 मार्च को हुई फायरिंग की घटना का सीसीटीवी 24 दिन बाद सोशल मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में कुख्यात शादाब कुरैशी उर्फ गेट फायरिंग करते नजर आ रहा है। उसके एक हाथ में पिस्टल जबकि दूसरे हाथ में चाकू नजर आ रहा है। बदमाश इमरजेंसी गेट के सामने करीब पांच मिनट तक खड़ा रहा। वीडियो में कुछ लोग उसे समझाइश देते नजर आ रहे हैं, शादाब ने लल्लू पर निशाना साधा और फायरिंग कर भाग गया। यह गोली इमरजेंसी गेट के कांच में लगी थी। जानकारी के अनुसार लल्लू रईस शहर का आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ 80 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके बेटे इमरान ने हाल ही में हत्याकांड में जेल से छूटे बदमाश शादाब कुरैशी उर्फ गेट के भाई शाजेब को दो साल पहले छुरियां मारी थीं। इस हमले में शाजेब की बाल-बाल जान बच गई थी। इसी का बदला लेने के लिये शनिवार सुबह लल्लू के बेटे और लल्लू पर गोलियां चलाई गईं। घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। लल्लू रईस ने भी वीडियो वायरल किया था जिसमें उसने कहा था की गोली चलाने वाले आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं। वह इनके काले कारनामों के वीडियो बनाकर उजागर करता हैं, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई करती है, और उनके अवैध कारोबार बंद हो जाते हैं। शादाब गेट भी जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार से जुड़ा है। इसी वजह से आरोपी उनकी हत्या करना चाहते हैं। जुनेद / 8 अप्रैल