जशपुर(ईएमएस)। जिले में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास ने लाइवलीहुड कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण कर आगामी शैक्षणिक सत्र से नर्सिंग और मेडिकल कॉलेज की वैकल्पिक कक्षाएं शुरू करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष नर्सिंग कॉलेज के प्रथम वर्ष की कक्षाएं अस्थायी रूप से लाइवलीहुड कॉलेज परिसर से संचालित की जाएंगी। उन्होंने स्वास्थ्य और आरईएस विभाग के अधिकारियों के साथ भवन का निरीक्षण कर छत की सीपेज समस्या को तत्काल दूर करने, इलेक्ट्रिकल वायरिंग सुधारने और छात्राओं के लिए कपड़े धोने हेतु अलग शेड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के लिए सुरक्षित आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने छात्रावास में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। कमियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि छात्राओं को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जानी है। इसी क्रम में कलेक्टर ने पॉलिटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण कर वहां मेडिकल कॉलेज के प्रथम वर्ष के संचालन की संभावनाओं का आकलन किया। उन्होंने भवन में लाइट, पंखे, शौचालय की सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। लाइवलीहुड कॉलेज में वर्तमान में 180 युवाओं को कंप्यूटर ग्राफिक्स, इलेक्ट्रिशियन और योगा जैसे ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा, डीपीएम राजीव रंजन मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026