राज्य
08-Apr-2026


धनबाद(ईएमएस)।धनबाद दौरे पर पहुंचे महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद ने बुधवार को आर्य समाज के डीएवी स्कूल में छात्रों को देशभक्ति और क्रांतिकारियों के इतिहास से अवगत कराया।स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमित आजाद ने छात्रों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों के योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में उन्होंने पूरे देश में करीब 1 लाख 60 हजार किलोमीटर की यात्रा की है और इस दौरान 7 लाख 32 हजार से अधिक क्रांतिकारियों की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।उन्होंने महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान योद्धाओं की विरासत को सहेजने की बात कही।उन्होंने कहा कि “हम अपने देश के क्रांतिकारियों की संस्कृति को बचाने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।”अमित आजाद ने बताया कि हिंदुस्तान रिपब्लिकन आर्मी जिसमें रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाकुल्ला खान, ठाकुर रोशन सिंह और राजेंद्र लाहिड़ी जैसे महान क्रांतिकारी शामिल थे, उसी संगठन की भावना को आज भी वे और उनके पिता आगे बढ़ा रहे हैं।यह संगठन गैर-राजनीतिक रूप से देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों को जागरूक कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके इस कार्य के लिए देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। इसके बावजूद वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर रहकर अपने अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।उन्होंने कहा की “हम किसी से कुछ मांगते नहीं हैं, अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इस मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं।”अमित आजाद ने बताया कि वे अब तक लगभग 1600 स्कूलों तक पहुंच चुके हैं और फिलहाल उनका अभियान महाराष्ट्र में चल रहा है। साथ ही उन्होंने लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद की 151 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा और स्मारक निर्माण की योजना की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा एक एकड़ भूमि दी गई है, जबकि 9 एकड़ भूमि वे स्वयं दे रहे हैं। ‘लक्ष्य आजाद यात्रा’ के माध्यम से देशभर से एक-एक रुपये का सहयोग जुटाकर 200 से 215 करोड़ की लागत से यह स्मारक बनाया जाएगा।कुल मिलाकर, अमित आजाद का यह अभियान नई पीढ़ी को अपने इतिहास और क्रांतिकारियों की विरासत से जोड़ने की एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। कर्मवीर सिंह/08अप्रैल/26