08-Apr-2026
...


आर्थिक अनियमितताओं में दोषी पाए जाने पर नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ के अध्यक्ष पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई टीकमगढ़ (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ के अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया गया है। यह निर्णय आर्थिक अनियमितताओं के गंभीर आरोपों की जांच में पुष्टि होने के बाद लिया गया। स्थानीय प्रशासन और शासन स्तर पर की गई विस्तृत जांच में वित्तीय गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के विभिन्न पार्षदों द्वारा गफ्फार के खिलाफ शिकायतें की गई थीं, जिनमें विकास कार्यों में अनियमितता और नियमों के विपरीत कार्य कराने के आरोप शामिल थे। इन शिकायतों के आधार पर संबंधित विभाग ने जांच प्रारंभ की, जिसमें कई वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अब्दुल गफ्फार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें उनसे 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया था। हालांकि, निर्धारित समयावधि में दिया गया उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक ओर विपक्ष इस फैसले को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम बता रहा है, वहीं समर्थकों द्वारा इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताया जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और यदि आवश्यक हुआ तो आगे और कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, इस निर्णय को नगर निकायों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।