08-Apr-2026
...


खेड़ा को पाताल से भी ढूंढ़ निकालेगी असम पुलिस गुवाहाटी (ईएमएस)। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ असम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की 14 धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करा दी है। इन धाराओं में मानहानि, जालसाजी और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां द्वारा दर्ज शिकायत पर कार्रवाई की है। इस बीच मुख्यमंत्री शर्मा ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधकर चेतावनी दी है कि उन्हें भी इस केस में शामिल किया जा सकता है। क्या है पूरा मामला? यह विवाद कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा द्वारा की गई प्रेसवार्ता के बाद शुरू हुआ। इस दौरान खेड़ा ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री शर्मा की पत्नी रिनिकी भुइयां के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट हैं। इसके साथ ही, खेड़ा ने कुछ दस्तावेजों की तस्वीरें शेयर कर आरोप लगाया था कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रिनिकी भुइयां के नाम पर संपत्तियां हैं। अमेरिका में उनके नाम से एक कंपनी पंजीकृत है। कांग्रेस नेता खेड़ा का दावा था कि मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने चुनावी हलफनामे में इन संपत्तियों और जानकारियों का कोई खुलासा नहीं किया है। इन दावों के तुरंत बाद, रिनिकी भुइयां ने पवन खेड़ा के खिलाफ असम पुलिस की क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज होने के बाद, असम पुलिस की एक टीम पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर भी पहुंची। एफआईआर में किन धाराओं और आरोपों का जिक्र है? रिपोर्ट के अनुसार, इस एफआईआर में खेड़ा और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसमें मुख्य रूप से ये आरोप शामिल हैं, चुनाव के संबंध में झूठे बयान देना, धोखाधड़ी और जालसाजी, आपराधिक धमकी देना, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना और इसतरह के बयान देना, मानहानि और आपराधिक साजिश रचना शामिल है। रिनिकी भुइयां का क्या कहना है? सीएम सरमा की पत्नी भुइयां ने एफआईआर का आधार बनी अपनी शिकायत में खेड़ा के सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने इन दावों को झूठा, मनगढ़ंत, निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पासपोर्ट, नागरिकता, संपत्तियों या दस्तावेजों का जिक्र किया गया है, उनका कोई अस्तित्व नहीं है। न ही कभी उनके नाम पर इनके लिए आवेदन किया गया है और न ही उन्हें इसतरह का कोई दस्तावेज जारी किए गए हैं। वहीं सीएम शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधकर कहा कि खेड़ा ने उन दस्तावेजों की जांच नहीं की, जिनके आधार पर उनके परिवार पर आरोप लगे हैं। सीएम शर्मा ने कहा कि खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं, लेकिन असम पुलिस उन्हें पाताल से भी ढूंढ़ निकालेगी। उन्होंने कहा, असम पुलिस को नहीं जानते हैं... पाताल से भी उखाड़ के ले आएगा। वहीं मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी निशाने पर ले लिया। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि राहुल गांधी ने ये दस्तावेज खेड़ा को दिए थे, और अगर ऐसा है, तब मामले में राहुल गांधी भी शामिल किए जाएंगे। आरोपों की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराए जाने संबंधी खरगे की टिप्पणी के बारे में पूछने पर शर्मा ने कहा, अगर उन्हें (खरगे) सच नहीं पता था, तब उन्होंने यह सार्वजनिक तौर पर क्यों बोला? उन्हें पहले विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था। आशीष दुबे / 08 अप्रैल 2026