खेल
08-Apr-2026


:: शिमला में रीज़नल क्वालीफायर शुरू; जेनिफर और आदित्य की अगुवाई में भारत ने श्रीलंका और मालदीव को रौंदा :: शिमला (ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में आईटीटीएफ-एटीटीयू एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप रीज़नल क्वालीफायर का शानदार आगाज हुआ। घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार जीत के साथ की। अंडर-19 बालिका और अंडर-15 बालक वर्गों में भारत ने क्रमशः श्रीलंका और मालदीव पर एकतरफा जीत दर्ज की। अंडर-19 बालिका वर्ग में भारतीय टीम ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए श्रीलंका को 3-0 से मात दी। भारत की स्टार खिलाड़ी जेनिफर वर्गीज ने शमाइशा को सीधे गेमों में 12-10, 11-8, 11-9 से हराकर टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाई। इसके बाद अनन्या मुरलीधरन ने तमादी को 11-7, 11-7, 12-10 से पराजित किया। तीसरे मैच में प्रिशा गोयल ने संदीप मुदियन्सेलेज के खिलाफ पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और 8-11, 11-4, 11-5, 11-9 से मैच जीतकर भारत की जीत सुनिश्चित की। अंडर-15 श्रेणी में भारतीय लड़कों ने मालदीव के खिलाफ अपना दबदबा बनाए रखा और 3-0 से जीत दर्ज की। आदित्य दास ने मोहम्मद रफीउ को 11-3, 11-3, 11-2 से हराकर अपनी लय दिखाई। वहीं, अक्षय किरकिरा ने फाज लतीफ को 11-2, 11-5, 11-2 से और आकाश राजवेलु ने अयूब सलीम को 11-4, 11-6, 11-3 से पराजित कर भारत की बेंच स्ट्रेंथ का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में अंडर-19 बालक वर्ग में नेपाल ने अद्भुत जज्बा दिखाया। बांग्लादेश के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद नेपाल ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं, श्रीलंका ने मालदीव को 3-0 से हराया। अंडर-15 बालिका वर्ग में मालदीव ने नेपाल को कड़े संघर्ष में 3-2 से मात दी, जबकि श्रीलंका ने बांग्लादेश पर 3-0 की आसान जीत दर्ज की। :: मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन :: इससे पूर्व, प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया। इस अवसर पर खेल निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। :: मस्कट चैंपियनशिप पर संकट के बादल :: प्रतियोगिता के बीच यह सूचना भी चर्चा में रही कि जून में मस्कट (ओमान) में प्रस्तावित एशियाई युवा चैंपियनशिप को पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल शिमला में हो रहे इस आयोजन में केवल अंडर-19 बालिका वर्ग ही आधिकारिक क्वालीफिकेशन के लिए खेल रहा है। प्रकाश/08 अप्रैल 2026