अशोकनगर (ईएमएस)। कलेक्टर साकेत मालवीय के निर्देशानुसार जिले में एचपीवीवैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। जिले के 87 शासकीय एवं निजी विद्यालयों में किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जयकृत सिंह राजपूत द्वारा जिले के चारों विकासखंडों में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान चंदेरी में 14 सत्र,अशोकनगर में 26 सत्र, ईसागढ़ में 23 सत्र तथा मुंगावली में 24 सत्र आयोजित किये गये। जिले में कुल 629 टीके लगाए जा चुके थे तथा शाम तक 1000 टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने किया एचपीवी वैक्सीनेशन का निरीक्षण कलेक्टर साकेत मालवीय ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर संचालित स्कूलों में एचपीवी वैक्सीनेशन का निरीक्षण किया गया। उन्होंने शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अशोकनगर, शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल अशोकनगर एवं तारासदन स्कूल पहुंचकर एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति छात्राओं को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा दल से वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिला शिक्षा अधिकारी सीएस सिसोदिया ने बताया कि बुधवार को जिले में 87 स्कूलों में वैक्सीनेशन सेंटर बनाकर स्कूली छात्राओं के लिए एचपीव्ही वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है। एचपीव्ही टीकाकरण हेतु शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लक्ष्य अनुरूप संख्या के मान से टीकाकरण कराए जाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने निर्देशित किया गया कि जिस विद्यालय में एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी, वहां किशोरी बालिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा विभाग की रहेगी। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 08 अप्रैल 2026