* मौज मस्ती के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे आरोपी उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर की विट्ठलवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज और पेट्रोलिंग के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कुल छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बताया गया है कि पुलिस को लगातार मिल रही बाइक चोरी की शिकायतों के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोहली के मार्गदर्शन में जांच तेज की गई। इलाके के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए जिसमें नेवाली क्षेत्र से महत्वपूर्ण सुराग मिला। इस बीच पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध तरीके से भाग रहे दो नाबालिगों को पुलिस ने पीछा कर पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने विट्ठलवाड़ी और कल्याण के कोलसेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात कबूली। उनकी निशानानदेही पर विट्ठलवाड़ी से दो और कोलसेवाड़ी क्षेत्र से चार मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद वाहनों की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों नाबालिग मौज मस्ती के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बाइक खरीदने वालों की तलाश में जुटी है। यह कारवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोहली और पुलिस निरीक्षक (अपराध) चंद्रहार गोडसे के मार्गदर्शन में की गई। इस टीम में पुलिस उपनिरीक्षक बंकर स्वामी दराडे के साथ पुलिसकर्मी रामदास मिसार, दिलीप चव्हाण, संतोष साकड़े, सचिन पाटिल और चंदू गायकवाड़ शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोहली ने कहा, इसमें दो नाबालिग आरोपी है उनको हमने हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद पता चला कि उन्होंने छह गाड़ियां चुराया है और दो गाड़ियां जो है वह विट्ठलवाड़ी क्षेत्र की है और चार गाड़ियां कोलसेवाड़ी पुलिस क्षेत्र से हैं और इस प्रकार हमने छह गाड़ियां अभी तक रिकवर किया है। उन्होंने आगे कहा कि वे लोग रात आते थे और जहां भी कोई आदमी नहीं दिखता तो गाड़ी का लॉक तोड़ कर गाड़ी चुरा ले जाते थे। अशोक कोहली ने कहा अभी जांच चल रही है, कुछ गाड़ियां मिलने की संभावना है। अभी हम उन आरोपियों का ट्रैक रिकॉर्ड ढूंढ रहे हैं। बहरहाल पुलिस की इस सख्त कारवाई को क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के रूप में देखा जा रहा है। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस