किसानों और आमजन को मंडी मार्ग पर मिली राहत अशोकनगर (ईएमएस)। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नवीन कृषि उपज मंडी क्षेत्र में एक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर यह व्यवस्था फसलों की आवक बढऩे से होने वाले संभावित जाम और यातायात अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से की गई है। इन दिनों नवीन कृषि उपज मंडी, मोहरी रोड पर ट्रैक्टर-ट्रालियों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही में काफी वृद्धि हुई है। इससे शहर में जाम की स्थिति बनने की आशंका थी। इसी के मद्देनजर एसडीओपी, कोतवाली, देहात थाना और यातायात प्रभारी को सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर प्रभावी डायवर्जन लागू किया गया है। यह है डायवर्जन प्लान: डायवर्जन प्लान के तहत, सेन तिराहा से नया बस स्टैंड की ओर से आने वाले वाहनों को बायपास रोड, त्रिदेव मंदिर होते हुए लक्ष्मी टॉकीज के सामने से नवीन मंडी की ओर भेजा जा रहा है। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का उपयोग होगा। मोहरी पेट्रोल पंप तिराहा से कचनार और मंडी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को लक्ष्मी टॉकीज और त्रिदेव मंदिर मार्ग से सेन तिराहा की ओर मोड़ा गया है। लक्ष्मी टॉकीज के सामने से त्रिदेव मंदिर-विदिशा रोड से आने वाले वाहनों को बायपास के जरिए सीधे नवीन कृषि उपज मंडी भेजा जा रहा है, जिससे ट्रैक्टर-ट्रालियों का आवागमन सुचारू रहे। विदिशा व कचनार तिराहा से जाने वाले भारी वाहनों को भी सेन तिराहा, बायपास, लक्ष्मी टॉकीज और मोहरी पेट्रोल पंप के रास्ते डायवर्ट कर यातायात का दबाव कम किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शहर में दो मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त कर रही हैं। ये टीमें किसी भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान करेंगी। किसानों से निर्धारित मार्ग से निकलने की अपील की: पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें। उन्होंने सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 08 अप्रैल 2026