क्षेत्रीय
08-Apr-2026


अशोकनगर (ईएमएस)। शहर के बीचो-बीच स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय क्रमांक एक को सांदीपनि सीएम राइज विद्यालय में स्थानांतरित किए जाने का अभिभावकों ने विरोध किया है। बुधवार को विद्यालय में पढऩे वाले बच्चों के अभिभावकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर संयुक्त कलेक्टर बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। अभिभावकों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि क्रमांक एक स्कूल में पढऩे वाले अधिकांश बच्चों के माता-पिता मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। उनके लिए बच्चों को शहर से दूर स्थित सांदीपनि विद्यालय तक पहुंचाना संभव नहीं है। सुबह काम पर निकलने के कारण बच्चों को स्कूल छोडऩे की व्यवस्था करना भी मुश्किल है। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में मारूप, बरखेड़ी, पथरिया, बांसाखेड़ी, हिरिया के इयरा, तायडे कॉलोनी, बोहरे कॉलोनी और माता मंदिर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से बच्चे पढऩे आते हैं। इनमें ज्यादातर बच्चे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं। इन छात्रों की संख्या 400 से अधिक है और उनके निवास स्थान से सांदीपनि विद्यालय लगभग 5 से 8 किलोमीटर दूर है। अभिभावकों ने प्रशासन से निवेदन किया है कि विद्यालय क्रमांक एक को सांदीपनि विद्यालय में मर्ज करने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने मांग की कि सभी शिक्षक और छात्र इसी विद्यालय में यथावत अध्ययन करते रहें। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 08 अप्रैल 2026