रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को राजीव भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे एवं प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर देते हुए जिला, ब्लॉक, मंडल एवं बूथ स्तर तक कमेटियों के गठन की समीक्षा की गई। साथ ही पंचायत, गांव और बूथ कमेटियों के गठन, मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत हुए कार्यक्रमों तथा जिलाध्यक्षों के पिछले चार महीनों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी जिलों में संगठन विस्तार की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बूथ कमेटियों का गठन अधूरा है, वहां इसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए जिसमे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की गई। प्रस्ताव में कहा गया कि यह बयान न केवल नेताओं बल्कि देश के करोड़ों लोगों का अपमान है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती मोहसिना किदवई के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। पार्टी ने उनके योगदान को अमूल्य बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/08 अप्रैल 2026