08-Apr-2026


लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद रवि किशन की एक कथित टिप्पणी को लेकर उन पर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि वह जन प्रतिनिधि हैं, न कि मुख्यमंत्री का खिलौना। रवि किशन ने खुद को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए ‘स्ट्रेस बस्टर’ (तनाव दूर करने वाला) बताया था, जिसे लेकर कई प्रतिक्रियाएं आई हैं। सपा प्रमुख ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए उसकी प्राथमिकताओं पर सवाल उठाया और उस पर जनता के मुद्दों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सासंद जनता का प्रतिनिधि होता है, मुख्यमंत्री का खिलौना नहीं। यह भाजपा सरकार है या सर्कस? उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता दुख-दर्द-दिक्कतों का सामना कर रही है और भाजपा सरकार के लोग आपस में विदूषक-विदूषक के खेल का आनंद ले रहे हैं। ऐसे जन प्रतिनिधियों के कारण ही गोरखपुर आज शर्मिंदा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे इस बात का खुलासा करने के लिए सांसद जी (रवि किशन) को दंड जरूर मिलेगा कि मुख्यमंत्री जी ‘स्ट्रेस’ में हैं। जब सत्ता जाना तय हो गया है और उनके अत्याचार व भ्रष्टाचार के कारण जनता आक्रोशित है, ऐसे हालात में उन्हें तनाव तो होगा ही। जितेन्द्र 08 अप्रैल 2026