राज्य
08-Apr-2026
...


80 प्रतिशत प्लेसमेंट के साथ राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान भोपाल(ईएमएस)। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी एवं पीजीओआई ने इस वर्ष के प्लेसमेंट परिणामों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। संस्थान के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग द्वारा जारी आँकड़ों के अनुसार कुल 2400 विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत छात्रों का चयन देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। यह उपलब्धि संस्थान की गुणवत्ता आधारित शिक्षा और उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण प्रणाली का प्रमाण मानी जा रही है। संस्थान को अब तक 778 ऑफर लेटर प्राप्त हुए हैं, साथ ही लगभग 350 विद्यार्थियों को एक वर्षीय सैलरीड इंटर्नशिप के अवसर भी प्राप्त हुए हैं, जो विद्यार्थियों के व्यावसायिक भविष्य को सशक्त दिशा प्रदान करते हैं। चयनित छात्रों को आईटी, ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम और फार्मा जैसे विविध क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों में अवसर मिले हैं, जो संस्थान की बढ़ती साख को दर्शाता है। विभागवार चयन की बात करें तो इंजीनियरिंग एवं डिप्लोमा से 358, फार्मेसी से 42, एग्रीकल्चर से 35 तथा एमबीए से लगभग 42 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। औसत पैकेज 3 लाख रुपए वार्षिक रहा, जबकि अधिकतम पैकेज 22 लाख रुपए वार्षिक तक पहुँचकर एक नया मानक स्थापित करता है। इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़ी वरिष्ठ हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। वक्ताओं ने संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और विद्यार्थियों की दक्षता की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों में शुमार बताया। विश्वविद्यालय की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सुश्री ईशा पटेल जी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर परिश्रम करने और बदलते समय के अनुरूप कौशल विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अनुशासन ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है, बल्कि मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी को राष्ट्रीय स्तर पर एक उभरते हुए शैक्षणिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। हरि प्रसाद पाल / 08अप्रैल, 2026