:: कलेक्टर ने मानपुर में उपार्जन केंद्रों का लिया जायजा; 90 केंद्रों पर 5 मई तक होगी खरीदी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में खरीदी का कार्य 10 अप्रैल से विधिवत प्रारंभ होगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज मानपुर क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्रों पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे कि अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर वर्मा ने मानपुर स्थित बहुउद्देशीय सेवा सहकारी संस्था बाबा महाकाल वेयर हाउस का निरीक्षण किया और वहां किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उनके साथ एसडीएम राकेश परमार और तहसीलदार विवेक सोनी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारु ने जानकारी दी कि जिले में किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके तहत अब तक 1142 किसान अपना स्लॉट बुक करा चुके हैं। जिले के 90 उपार्जन केंद्रों पर 10 अप्रैल से गेहूं खरीदी शुरू होगी, जो 05 मई 2026 तक निरंतर जारी रहेगी। किसान अपनी सुविधा अनुसार नजदीकी केंद्र का चयन करने के लिए एमपी ऑनलाइन, सीएससी केंद्र अथवा आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी उपज बेचने की तिथि और समय चुन सकते हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित स्लॉट दिवस पर ही केंद्र पर पहुँचें ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। प्रकाश/08 अप्रैल 2026