राज्य
08-Apr-2026


- ’द आर्ट ऑफ लिविंग’ के तीन दिवसीय विशेष सत्र संपन्‍न भोपाल(ईएमएस)। कार्यस्थल पर बढ़ते तनाव को दूर करने और उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के गोविन्दपुरा स्थित आस्था परिसर में ’द आर्ट ऑफ लिविंग’ का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को संपन्‍न हुआ। ’द आर्ट ऑफ लिविंग’ की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय विशेष सत्र में शरीर, मन और श्वास के विज्ञान के माध्यम से कंपनी के कार्मिकों को जीवन जीने की कला सिखाई गई। कार्यक्रम में तनाव मुक्ति के लिए आर्ट ऑफ लिविंग की विशेष और शक्तिशाली श्वसन तकनीक सुदर्शन क्रिया, दैनिक अभ्यास के लिए आसान योग अनुक्रम और पावर नैप तकनीक, माइंड मैनेजमेंट के अंतर्गत मन के स्वभाव को समझना, नकारात्मकता से निपटना और एकाग्रता बढ़ाने के साथ ही जीवन कौशल में आपसी संबंधों में सुधार, टीम वर्क और कार्य-जीवन के बीच संतुलन बनाने पर इंटरएक्टिव चर्चा के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक रूप से ऊर्जावान महसूस करने के साथ ही कार्यस्थल पर बेहतर निर्णय लेने और चुनौतीपूर्ण स्थितियों में शांत रहने की कला भी सिखाई गई। हरि प्रसाद पाल / 08अप्रैल, 2026