08-Apr-2026


:: आसमान से नज़र, ज़मीन पर जाल; चार राज्यों की पुलिस को छकाने वाला कुख्यात बदमाश परमेन्दर गिरफ्तार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की कनाडिया पुलिस ने एक साल से फरार अंतरराज्यीय शातिर नकबजन को हरियाणा के मानेसर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। चार राज्यों की पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे इस अपराधी को दबोचने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का बेजोड़ नमूना पेश करते हुए ड्रोन कैमरों से डिजिटल घेराबंदी की। आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त लग्जरी कार सहित करीब 25 लाख रुपये का मश्रुका बरामद हुआ है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर फरार अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत कनाडिया पुलिस की टीम पिछले एक साल से परमेन्दर सिंह (33) की तलाश में थी। सटीक मुखबिरी के बाद टीम ने हरियाणा के कासन (मानेसर) में डेरा डाला। आरोपी इतना शातिर था कि सादे कपड़ों में भी पुलिस को देखते ही भाग सकता था, इसलिए टीम ने अपनी पहचान गुप्त रखते हुए लगातार तीन दिनों तक ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके की निगरानी की। जैसे ही ड्रोन ने आरोपी की सटीक लोकेशन कन्फर्म की, पुलिस ने बिजली जैसी फुर्ती से दबिश देकर उसे धरदबोचा। :: दर्जनों वारदातों को दे चुका है अंजाम :: पकड़ा गया आरोपी परमेन्दर सिंह, निवासी भिवानी (हरियाणा) पेशेवर अपराधी है। उस पर मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी, लूट और नकबजनी के दर्जनों गंभीर मामले दर्ज हैं। वह इंदौर के थाना कनाडिया क्षेत्र की चार बड़ी चोरियों का मुख्य आरोपी था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार राज्यों की सीमाएं बदल रहा था। पुलिस ने उसके पास से अपराध में इस्तेमाल होने वाली आई-10 नियोस कार भी जब्त की है। :: जांबाज टीम की बड़ी कामयाबी :: इस चुनौतीपूर्ण और हाईटेक ऑपरेशन को सफल बनाने में थाना प्रभारी कनाडिया सहर्ष यादव, उपनिरीक्षक दीपक पालिया, साइबर सेल के आरक्षक प्रवीण सिंह, विनीत मिश्रा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य राज्यों की कई वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है। प्रकाश/08 अप्रैल 2026