राष्ट्रीय
09-Apr-2026


झांसी,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से रूह को कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने सभी के दिलों को झकझोर कर रख दिया है। दरअसल एक शख्स ने अपनी प्रेमिका और उसके तीन वर्षीय मासूम बच्चे को गुजरात से झांसी लाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। जहां महिला को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला, वहीं उसके मासूम बेटे को भूसे के ढेर में डालकर जिंदा जला दिया। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा महिला की पचान होने के बाद बुधवार को हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उक्त घटना का पता 5 अप्रैल को चला था, जब झांसी जिले के लहचूरा क्षेत्र में सड़क किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी। बरौटा गांव के प्रधान रामप्रसाद ने पुलिस को बताया कि जिस घर के पास महिला का शव मिला, वह चतुर्भुज का है। पुलिस ने चतुर्भुज की पत्नी हेमलता से फोन पर संपर्क किया, जिसने खुलासा किया कि वह दिल्ली में है और उसके पति चतुर्भुज के गुजरात की नीलू नाम की एक महिला से संबंध हैं। हेमलता ने बताया कि चतुर्भुज नीलू को अपनी पत्नी की तरह रखता है और उसके साथ उसका तीन साल का बेटा कृष्णा भी रहता है। सूचना पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और जांच शुरू की, जिसके बाद मृतका की पहचान नीलू के रूप में हुई। प्रधान से पूछताछ के बाद बरौटा चौकी प्रभारी की तहरीर पर चतुर्भुज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि चतुर्भुज छह महीने पहले नीलू और उसके बेटे कृष्णा को गुजरात से अपने गांव बरौटा लेकर आया था। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने नीलू की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद, जघन्य अपराध को छिपाने के लिए उसने मासूम कृष्णा को भूसे के ढेर में डालकर आग लगा दी, जिसके बाद बच्चे की जली हुई हड्डियां बरामद की गईं। महिला के शव को सड़क किनारे फेंककर छिपाने की कोशिश की गई थी। पुलिस को जैसे ही आरोपी चतुर्भुज के भागने की सूचना मिली, स्वाट टीम और लहचूरा थाना पुलिस ने सिजारी नहर के पास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में एसपी देहात झांसी डॉ. अरविंद कुमार ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी चतुर्भुज के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को हिरसत में लेकर तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध असलहा, बाइक और कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल, पुलिस इस बात की भी गहन जांच कर रही है कि इस जघन्य हत्याकांड में आरोपी चतुर्भुज के साथ कोई और शामिल था या नहीं और हत्या का सटीक मकसद क्या था, जिससे इस नृशंस घटना के पीछे के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26