- प्रशासन को सुनाई खरी-खोटी! कलेक्टर नहीं आए तो पालतू कुत्ते को सौंपा ज्ञापन, नेता प्रतिपक्ष ने अपर कलेक्टर वृंदा सिंह को लगाई फटकार सीहोर(ईएमएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सीहोर पहुंचे, जहाँ उन्होंने भारी संख्या में किसानों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति नाटकीय हो गई जब कलेक्टर बाला गुरु के प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे। कलेक्टर की अनुपस्थिति से नाराज उमंग सिंघार ने विरोध का एक अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने एक पालतू कुत्ते को प्रतीकात्मक रूप से कलेक्टर बनाकर उसे ज्ञापन सौंपा। सिंघार ने आरोप लगाया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन हो गया है। इसी दौरान, जब अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह मिलने पहुंचे, तो उमंग सिंघार का गुस्सा उन पर फूट पड़ा। उन्होंने तीखे शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा कि अधिकारी जनता की बात सुनने के बजाय सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष के इस कड़े तेवर और अनोखे प्रदर्शन ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहुल मालवीय सीहोर/ईएमएस/09/04/26