वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है, जिससे धार्मिक और सामाजिक हलकों में चिंता बढ़ी है। यह धमकी ऑडियो मैसेज के जरिए दी गई, जिसमें आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी मिली है। धमकी देने वाले ने कहा कि जैसे अतीक अहमद की हत्या हुई थी, उसी तरह शंकराचार्य को मार दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, 1अप्रैल को ज्योतिष्पीठ के आधिकारिक नंबर पर एक धमकी भरा मैसेज आया था, जिसे तुरंत ब्लॉक किया गया। इसके बाद 6 अप्रैल की रात 9:55 और 9:56 बजे दो अलग-अलग वॉइस मैसेज भेजे गए। इन ऑडियो में 33 बार गालियां दी गईं और यह भी कहा गया कि शंकराचार्य की यात्रा के दौरान उन पर हमला होगा। बुधवार को ज्योतिष्पीठ की ओर से इन ऑडियो मैसेज को सार्वजनिक कर मामले की जांच की मांग की गई है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद वर्तमान में “गोमाता-राष्ट्रमाता” अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के तहत 3 मई से उत्तर प्रदेश में उनकी “गविष्ठी यात्रा” प्रस्तावित है। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को गायों की सुरक्षा और उनके लिए गोधाम (आश्रय स्थल) बनाने के प्रति जागरूक करना है। धमकी मिलने के बाद इस यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ऑडियो संदेश में धमकी देने वाले व्यक्ति ने कहा कि शंकराचार्य का “समय नजदीक आ गया है” और वह कहीं भी सुरक्षित नहीं रह पाएंगे। धमकी देने वाले शख्स ने दावा किया कि शंकराचार्य मारने के लिए “लाखों लोग तैयार हैं” और यात्रा के दौरान ही हमला किया जाएगा। यह पहला मामला नहीं है, जब शंकराचार्य को धमकियां मिली हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि गोरक्षा अभियान के कारण कुछ लोग नाराज हैं और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पूरे मामले को देखते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। आशीष दुबे / 09 अप्रैल 2026