जबलपुर, (ईएमएस)। मप्र मानव अधिकार आयोग ने शहर के तीन जनहित के मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए संबंधितो को कार्यवाही का निर्देश देकर प्रतिवेदन मांगा है। क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार के आधार पर आयोग के मुख्यालय भोपाल में अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने प्रकरण में सुनवाई कर निर्देश जारी किए। छात्रावास में अव्यवस्थाएं......... शहर के राइट टाउन स्थित जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित कन्या छात्रावास में अव्यवस्थाओं के कारण वहां रहने वाली छात्राओं को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कन्या छात्रावास में न साफ-सफाई हो रही है और न ही छात्राओं को तय मेन्यू के हिसाब से भोजन दिया जा रहा है। आयोग ने जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है। सार्वजनिक मूत्रालय तोड़कर खोल दी मिठाई की दुकान......... शहर के रामपुर स्थित आजाद चौक के व्यापारियों और रामपुर बाजार में आने वाले ग्राहकों के लिये बनाये गये मूत्रालय को अतिक्रमणकारियों द्वारा तोड़कर उस स्थान पर मिठाई की दुकान खोलने का मामला सामने आया है। इस कारण बाजार के व्यापारियों एवं बाजार में आने वाले ग्राहकों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आयोग ने नगर निगम के आयुक्त से मामले की जांच कराकर, की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है। दीवार गिरने से मजदूर की मौत ............ जिले में जर्जर सिंचाई विभाग की इमारत की दीवार गिरने से एक मजदूर की मृत्यु होने की घटना सामने आई है। सिंचाई विभाग के कर्मचारी द्वारा ईंट निकालने के लिये एक मजदूर को बुलाया था। इसी दौरान इमारत की एक दीवार टूट कर ढह गई और उसके मलबे में दबने से मजदूर की मृत्यु हो गई। आयोग ने जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर मृतक के वैध उत्तराधिकारियों को शासन के नियमानुसार देय आर्थिक सहायता राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है। सुनील साहू / मोनिका / 09 अप्रैल 2026/ 06.24