राज्य
09-Apr-2026
...


बीजापुर (ईएमएस)। जिले के भोपालपटनम क्षेत्र से लगे महाराष्ट्र सीमा के सोमनपल्ली गांव के पास आज गुरूवार काे भोपालपटनम इलाके से काम की तलाश में पलायन कर रहे मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त पिकअप वाहन 30 से 35 मजदूर सवार थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन में सवार लगभग 15 मजदूरों को गंभीर चोटें आई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल मजदूरों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक मजदूर सवार थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भोपालपटनम पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच कर रही है। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जा रही है। सुधीर जैन/चंद्राकर/09 अप्रैल 2026