-17.90 लाख के साथ पकड़ाया कारोबारी,इसमें 10-20 और 50 रुपए की गड्डियां,बैंकों से जुटाता था पैसे बिलासपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश में कमीशन के लिए छोटे नोट सप्लाई किए जा रहे हैं। बिलासपुर में बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम ने एक कारोबारी के पास से 17.90 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया है। जिसमें 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों की 81 गड्डियां शामिल है। मामला बेलगहना थाना इलाके का है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन बजाज (35) निवासी बिलासपुर के सिटी कोतवाली कश्यप कॉलोनी के रूप में हुई है। युवक तांबा-पीतल स्क्रेब का कारोबार भी करता है। जिसके चलते उसका बैकों में आना जाना रहता है। इसी माध्यम से उसने बैंक अफसरों से परिचय बढ़ाकर करेंसी नोट खपाने का अवैध धंधा करने लगा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, वह इन छोटे नोटों की गड्डियों को कमीशन पर सप्लाई करता था। हर बंडल पर उसे 200 से 1000 रुपए तक का कमीशन मिलता था। वह शहर के साथ-साथ जिले के बैंकों के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर नोट जुटाता था। बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम इलाके में पेट्रोलिंग और जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्टू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है। विनोद उपाध्याय / 09 अप्रैल, 2026