- कलेक्टर ने छात्रकृछात्राओं के किया संवाद, बच्चों को सिखाए सफलता के सूत्र, दिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स - कलेक्टर को अपने बीच पाकर उत्साहित हुए छात्र - कलेक्टर ने नयाखेड़ा शासकीय विद्यालय का निरीक्षण दिए आवश्यक निर्देश सागर (ईएमएस)। लक्ष्य बड़ा रखें सफलता अवश्य मिलेगी, धैर्य, संकल्प और मेहनत से पढ़ाई करें,सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि धैर्य और कड़ी मेहनत ही व्यक्ति को शिखर तक पहुँचाती है। उक्त विचार कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने नयाखेड़ा स्थित शासकीय विद्यालय पहुंचकर छात्रकृछात्राओं से संवाद के दौरान व्यक्त किए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती निगम .सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर संदीप जी आर ने नयाखेड़ा शासकीय विद्यालय का दौरा कर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान वातावरण तब उत्साह से भर गया जब कलेक्टर ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे उनके जीवन के लक्ष्यों पर चर्चा की। कलेक्टर ने बच्चों से पूछा, बड़े होकर क्या बनोगे? बच्चों ने पूरी निर्भीकता के साथ डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और शिक्षक बनने की अपनी इच्छा जाहिर की, जिस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके ऊंचे सपनों की सराहना की। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित हुए और पूरी निर्भीकता से कलेक्टर से संवाद किया।कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने छात्रकृछात्राओं से उनके अध्ययन की जानकारी प्राप्त की और अपना अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में आने वाली समस्याओं के संबंध में विस्तार से बताया और कहा कि यदि आप मेहनत करते हैं तो सफलता अवश्य मिलेगी। कलेक्टर ने छात्रों से विस्तार से चर्चा की सभी छात्रों ने अपने-अपने अनुभव भी बताए और पढ़ाई में आने वाली समस्याओं एवं कठिनाइयों के संबंध में भी बताया जिस पर कलेक्टर ने कठिनाइयों को दूर करने के टिप्स भी बताएं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते और मार्गदर्शित करते हुए कहा कि, हमें किसी भी परीक्षा से डरना नहीं है, लक्ष्य बड़ा रखें सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि धैर्य के साथ पढ़ाई करें, कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती और मेहनत का कोई विकल्प नहीं। उन्होंने बच्चों से नीट, यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में उपयोगी टिप्स साझा किये। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास, पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र हल करना तथा कमजोर विषयों पर फोकस आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालय की दीवालों पर नीट, यूपीएससी, पीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम एवं पुराने प्रश्न पत्रों को चस्पा करें। कलेक्टर ने बच्चों को कड़ी मेहनत और एकाग्रता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, सही मार्गदर्शन और अटूट संकल्प से उसे प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे न केवल परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने के लिए पढ़ें, बल्कि ज्ञान अर्जित करने को अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी विषय कठिन या सरल नहीं होता है, बारकृबार पढ़ने और रिवीजन करने से विषयों का सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सफलता के लिए व्यवस्थित अध्ययन की आवश्यकता होती है। उन्होंने बच्चों को तकनीकी, इंटरनेट, मोबाईल और एआई का उपयोग पढ़ाई में करने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सुबह जल्दी उठने, पढ़े हुए को रिवाईज करने एवं अच्छी दिनचर्या का पालन करने की भी सलाह दी।कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने नयाखेड़ा शासकीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर ने शिक्षकों से कक्षा संचालन, उपस्थिति पंजीकरण तथा बच्चों की प्रगति पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिये कि शिक्षक बच्चों की व्यक्तिगत क्षमताओं के अनुरूप शिक्षण विधि अपनाएं तथा नियमित मूल्यांकन सुनिश्चित करें। साथ ही, विद्यालय में पेयजल, स्वच्छता, शौचालय सुविधा तथा खेलकूद सामग्री की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षक समेत समस्त स्टॉफ विद्यालय खुलने के लेकर बंद होते तक उपस्थित रहना सुनिश्चित करे। निखिल सोधिया/ईएमएस/09/04/2026