09-Apr-2026
...


:: इंदौर जिले में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान का व्यापक आयोजन, 300 से अधिक केंद्रों पर 1000 कर्मियों ने संभाली कमान :: इंदौर (ईएमएस)। देशव्यापी मुहिम के साथ ही इंदौर जिले में भी सर्वाइकल कैंसर को जड़ से मिटाने के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण महाअभियान पूरी सक्रियता से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला-बाल विकास विभाग की संयुक्त टीमों ने मैदानी स्तर पर मोर्चा संभाला। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित 300 से अधिक सत्रों में कुल 3577 किशोरियों ने उत्साहपूर्वक टीका लगवाकर जानलेवा बीमारी के खिलाफ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की। अभियान की सतत निगरानी के लिए जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने सुदामा नगर स्थित अत्रिदेवी शासकीय कन्या विद्यालय, सन्मति स्कूल और बाणगंगा के गरिमा स्कूल में टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किशोरी छात्राओं से चर्चा कर उन्हें जागरूक किया और बताया कि यह वैक्सीन सुरक्षित भविष्य के लिए कितनी अनिवार्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद सीईओ ने समन्वय कर सत्रों को सफल बनाया। :: 1000 से अधिक कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता :: जिले में इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए लगभग 1000 से अधिक कर्मियों की फौज तैनात रही। इनमें 300 से अधिक टीकाकर्मियों के अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता और फील्ड सुपरवाइजर्स ने अपनी सेवाएं दीं। 98 शासकीय और 139 निजी स्कूलों को टीकाकरण केंद्र के रूप में संचालित किया गया, जिससे अधिक से अधिक किशोरियों तक पहुंच आसान हो सके। :: भ्रांतियों पर न दें ध्यान, सुरक्षित है टीका :: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि गर्भाशय कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है, जिसे समय पर टीकाकरण से रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह प्रमाणित है और मासिक धर्म (पीरियड्स) के दौरान भी इसे लगवाना सुरक्षित है। भारत सरकार द्वारा 14 वर्ष की किशोरियों को यह वैक्सीन एकल खुराक में लगाने की सिफारिश की गई है। :: आज भी जारी रहेगा अभियान :: डॉ. हासानी ने सूक्ष्म कार्ययोजना को सफल बनाने के लिए सभी विभागों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह महाअभियान शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को भी जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और चिन्हित केंद्रों पर निरंतर संचालित किया जाएगा। प्रकाश/09 अप्रैल 2026