09-Apr-2026
...


:: रवींद्र नाट्य गृह में आयोजित समारोह में इंदौर और देपालपुर के श्रेष्ठ पार्षदों व वार्डों का हुआ सम्मान, सफाई मित्रों को दिए टिफिन बॉक्स :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के क्षेत्र में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे इंदौर में स्वच्छ इंदौर वार्ड रैंकिंग 2025-26 एवं देपालपुर वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल ने रवींद्र नाट्य गृह में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में चयनित वार्डों, श्रेष्ठ पार्षदों और विभिन्न संस्थानों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ। :: वार्ड रैंकिंग : इंदौर में वार्ड 63 और देपालपुर में आजाद वार्ड प्रथम :: प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा के साथ ही विजेताओं को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इंदौर में वार्ड क्रमांक 63 ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की, वहीं वार्ड 49 द्वितीय और वार्ड 44 तृतीय स्थान पर रहा। देपालपुर में आजाद वार्ड (14) को प्रथम, फिरोज गांधी वार्ड (12) को द्वितीय और गणेश वार्ड (04) को तृतीय पुरस्कार मिला। :: पराग कौशल बने नंबर-1 पार्षद, सफाई मित्रों का भी बढ़ा मान :: जनप्रतिनिधियों के प्रदर्शन के आधार पर पराग कौशल को प्रथम, राजीव जैन को द्वितीय और राहुल जायसवाल को तृतीय श्रेष्ठ पार्षद के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं सुश्री रूपाली पेंढारकर (वार्ड 59) को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले 22 जोनों के चयनित सफाई मित्रों एवं ड्रेनेज कर्मचारियों को लंच टिफिन बॉक्स भेंट कर उनकी सेवाओं को सराहा गया। :: जल संरक्षण की शपथ और जल रथ को हरी झंडी :: समारोह के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। रेन वाटर हार्वेस्टिंग के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से महापौर एवं आयुक्त ने जल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में स्वच्छ वार्ड रैंकिंग की सर्वे कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। :: प्रमुख संस्थान भी हुए सम्मानित :: इंदौर के उत्कृष्ट संस्थानों में इंफिनिटी होटल, सेंट रैफल स्कूल, मैदांता हॉस्पिटल, शालीमार टाउनशिप, मैरियट होटल, कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय एवं एनएफसी मार्केट को सम्मानित किया गया। देपालपुर से मोदी मांगलिक भवन, सीएम राइज स्कूल, महावीर हॉस्पिटल, नक्षत्र कॉलोनी, ओंकार होटल, कोर्ट परिसर एवं दीनदयाल चौबे मार्केट के प्रतिनिधियों ने सम्मान प्राप्त किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि महेशपुरी गोस्वामी, उपाध्यक्ष गोपाल पटेसरियां, एमआईसी सदस्य अश्विन शुक्ल, निरंजन सिंह चौहान, अभिषेक शर्मा, अपर आयुक्त प्रखर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण और नागरिक उपस्थित रहे। प्रकाश/09 अप्रैल 2026