क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


- 1 कथित आरोपी गिरफ्तार, 2 बालक निरुद्ध कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सीएसईबी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक कथित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस को यह सफलता मिली। जानकारी के अनुसार प्रार्थी अपने परिवार के साथ 1 से 6 अप्रैल के बीच विवाह कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी व गुल्लक में रखी नगदी, करीब 35 किलो चावल, गैस सिलेंडर और स्पाइस कंपनी का होम थियेटर चोरी कर लिया। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 301/2026 धारा 331(4), 305(क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया है, जिसमें गैस सिलेंडर, स्पाइस कंपनी का होम थियेटर, नगदी रकम, चोरी में प्रयुक्त वाहन आदि हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। 10 अप्रैल / मित्तल