रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। महज 150 रुपये और शराब को लेकर हुए झगड़े में जीजा ने अपने ही साले की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गोपी और मृतक घनश्याम रिश्ते में जीजा-साला थे और उरला थाना क्षेत्र के निवासी हैं। शुक्रवार सुबह गोपी ने घनश्याम को शराब लाने के लिए 150 रुपये दिए थे। घनश्याम पैसे लेकर गया, लेकिन शराब लाने के बजाय खुद पीकर लौट आया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर गोपी ने पास में रखा गमछा उठाया और घनश्याम के गले में लपेटकर जोर से दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मामूली विवाद सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026