रायगढ़(ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल लकड़ी लेने जा रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसे की आशंका जताई है। मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के सराईपाली पूर्व निवासी लक्ष्मण राठिया (62) साइकिल से लकड़ी लेने सपनई जंगल की ओर निकले थे। कुछ देर बाद गांव के ही नारायण पाव ने उनके परिजनों को सूचना दी कि लक्ष्मण राठिया कच्ची सड़क पर गिरे हुए हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के दौरान ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्र में वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026