क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान जब्त किए गए 30 क्विंटल चावल के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि बरामद चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से संबंधित है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता बढ़ गई है। अब खाद्य विभाग ने सप्लाई चेन की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जिले में चल रहे सघन वाहन जांच अभियान के तहत जमुना इन चौक में चक्रधर नगर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर टाटा योद्धा पिकअप (क्रमांक CG 13 AF 5689) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 60 बोरी सीलबंद चावल मिला, जिनमें प्रत्येक बोरी 50 किलो की थी। इस प्रकार कुल 30 क्विंटल चावल परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक जयनंद मालाकार (36), निवासी सेमरा थाना पुसौर से जब परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में बोरियों पर पीडीएस की मार्किंग पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने चावल और वाहन को जब्त कर लिया है तथा मामले की सूचना खाद्य विभाग को दे दी गई है। इसके बाद विभाग ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। खाद्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त चावल किस शासकीय गोदाम या उचित मूल्य दुकान से संबंधित है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चावल का आवंटन किसके नाम पर हुआ था और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। प्रकरण में वितरण प्रणाली से जुड़े रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और परिवहन दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित व्यक्तियों की भूमिका, भंडारण व्यवस्था और परिवहन प्रक्रिया की भी गहन जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026