क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


बलौदाबाजार(ईएमएस)। जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सागौन लकड़ी से भरे वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देश पर अर्जुनी वन परिक्षेत्र में की गई। वन विभाग को पूर्व में मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी क्रम में बंगलापाली के पास दबिश देकर टीम ने महिंद्रा जीतो प्लस वाहन को सागौन के लट्ठों के साथ पकड़ लिया। मौके पर ही आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में गंगाराम सागर (महकम), शिवप्रसाद केवट (सोनाखान), अंजोर साहू (मानाकोनी), कैलाश यादव (सोनाखान) और भुनेश्वर पटेल (महकम) को पकड़ा गया है। वन विभाग ने जब्त लकड़ी और वाहन को अभिरक्षा में लेकर आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, अवैध कटाई और लकड़ी परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार सतर्क निगरानी और विशेष गश्त अभियान चला रहा है। इस कार्रवाई को वन संपदा की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026