रायगढ़(ईएमएस)। जिले में बारात से लौट रहे लोगों की इको कार हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में चालक के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में चालक समेत 9 लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर क्षेत्र के कुंदरुझांज गांव से उरांव परिवार के सदस्य ओडिशा के विश्वनाथपुर बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग अलग-अलग वाहनों से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एक इको कार में 7 महिलाएं, एक पुरुष और चालक सवार होकर चंद्रपुर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रात के समय बंगुरसिया के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल रामवती उरांव ने बताया कि चालक ने शादी के दौरान शराब का सेवन किया था और वापसी के दौरान तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। गाड़ी में सवार लोगों ने कई बार उसे सावधानी से चलाने की सलाह दी, लेकिन उसने अनदेखी की। कुछ ही देर बाद वाहन का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में युवती रूमा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026