क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले के तहसील क्षेत्र सक्ती के ग्राम सुलोनी में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के मुताबिक राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां बिना वैध अनुमति के भारी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के दौरान करीब 1000 ट्रिप ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत जमा मिली, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कलेक्टर के सख्त निर्देशों के तहत की गई है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन से जहां एक ओर शासन को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026