क्षेत्रीय
10-Apr-2026


जांजगीर(ईएमएस)। सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को एक प्रतिष्ठित बैंक का कर्मचारी बताकर पीड़िता और उसके परिवार को गुमराह किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से अनिकेत तांडे (20 वर्ष), निवासी सोनादुला अकलतरा से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया और धीरे-धीरे पीड़िता का भरोसा जीत लिया। आरोपी ने पीड़िता के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और शादी का प्रस्ताव भी रखा। परिजनों ने उसकी बातों पर भरोसा करते हुए सहमति दे दी। इसके बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विवाह के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने मुलमुला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026