कांकेर(ईएमएस)। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसपी निखिल राखेचा ने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। मीटिंग के दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित मामलों में जल्द चालान पेश कर त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए। महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर विशेष संवेदनशीलता बरतने और शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। साथ ही स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने कहा कि जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना स्तर पर सतत निगरानी और सक्रिय कार्रवाई जरूरी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 अप्रैल 2026