कांकेर(ईएमएस)। शहर के आमापारा वार्ड में दोपहर करीब दो घंटे तक बिजली बंद रहने से जनजीवन प्रभावित रहा। खासकर बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में काम पूरी तरह ठप हो गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा पोल लगाने के कार्य के चलते दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई थी। इस दौरान बैंक का यूपीएस सिस्टम भी काम नहीं कर सका, जिसके कारण लेन-देन, केवाईसी, लोन और पासबुक एंट्री जैसे सभी काम प्रभावित रहे। बैंक पहुंचे उपभोक्ताओं को बिना काम के ही वापस लौटना पड़ा। एमजी वार्ड के चैनसिंह ठाकुर ने कहा कि बैंक जैसी आवश्यक सेवाओं में बिजली व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए, इससे आम लोगों को काफी दिक्कत होती है। वहीं रंजन सिंह कोसरिया ने गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली बंद होने पर चिंता जताते हुए बैंक प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था मजबूत करने की बात कही। गढ़पिछवाड़ी की दुकली शोरी ने बताया कि वह पैसा निकालने पहुंची थीं, लेकिन बिजली गुल होने से लंबा इंतजार करना पड़ा। राजापारा वार्ड के दददु कोसरिया ने भी पासबुक एंट्री नहीं हो पाने से नाराजगी जताई। दोपहर करीब 2 बजे बिजली बहाल होने के बाद बैंक का कामकाज फिर से सामान्य हो पाया। इस संबंध में बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक राबिन सक्सेना ने बताया कि यूपीएस सिस्टम अचानक काम नहीं कर रहा था, हालांकि बिजली आने के बाद सेवाएं पुनः शुरू कर दी गईं। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 अप्रैल 2026