कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में आईटी एक्ट के तहत एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही साली और उसकी बहन की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पीड़िता का जीजा है, जिसने उसे बदनाम करने की नीयत से अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी और व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर आपत्तिजनक फोटो और मैसेज शेयर किए। पीड़िता ने 25 मार्च को चारामा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया कि आरोपी लगातार उसकी और उसकी बहन की अश्लील तस्वीरें व मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है, जिससे उनकी छवि खराब हो रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)10 अप्रैल 2026