10-Apr-2026
...


- करंट या कुछ और? परिजनों ने जताई आशंका गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के गजनाई गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी में करंट लगने से मौत की बात कही जा रही है, लेकिन परिजनों ने इसे लेकर संदेह जताते हुए जांच की मांग की है। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक पगारा निवासी प्रमोद अहिरवार (32) मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। गुरुवार को वह भूसा भरने के काम से गजनाई गांव गया हुआ था। बताया जा रहा है कि सुबह के समय वह ट्रॉली के पास मौजूद था, जहां एक अन्य मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक प्रमोद करंट की चपेट में आ गया। साथ काम कर रहे लोगों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे प्रमोद से उनकी बातचीत हुई थी और उसने दोपहर तक घर लौटने की बात कही थी। लेकिन कुछ ही समय बाद अचानक उसके करंट लगने की सूचना मिली। पिता नीलम अहिरवार ने बताया कि बेटे के शरीर पर करंट के स्पष्ट निशान नजर नहीं आए, जिससे उन्हें पूरी घटना पर संदेह हो रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इधर, अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं म्याना पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी