नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में जनगणना की तैयारी तेज हो गई है। इस बार आप अपने मकान और जीवन स्तर की जानकारी खुद ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। आपकी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग राजधानी दिल्ली में जनगणना करने से पहले लोगों के मकान एवं उनके जीवन स्तर को लेकर गणना शुरू होने जा रही है। आगामी 15 अप्रैल तक एनडीएमसी क्षेत्र जबकि 1 से 15 मई तक निगम क्षेत्र में रहने वाले लोग ऑनलाइन यह जानकारी खुद वेबसाइट पर डाल सकेंगे। कर्मचारी जब उनके घर आएंगे तो वह केवल अपने द्वारा दी गई जानकारी पर मिलने वाला नंबर बताएंगे, जिसका सत्यापन कर्मचारी द्वारा किया जाएगा। जनगणना से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में दिल्लीवासियों के घर एवं उनकी आर्थिक स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। लोगों से पूछा जाएगा कि वह किस प्रकार के मकान में रहते हैं। उनके घर की दीवार, छत, फर्श आदि किस सामग्री से बनी है। वह अपने मकान में रहते हैं या किराये पर हैं। मकान में कितने कमरे हैं और उसमें रहने वालों की संख्या कितनी है। उनके घर में खाना बनाने के लिए अलग किचन है या नहीं। घर में शौचालय एवं नहाने की जगह अलग है या नहीं। घर में खाना पीएनजी-एलपीजी से बनता है या किसी अन्य ईंधन का इस्तेमाल होता है। पीने का पानी कहां से उपलब्ध होता है। उनके पास इंटरनेट, फोन, टीवी, डीटीएच, साइकिल, बाइक, कार आदि है या नहीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/10/अप्रैल /2026