राज्य
10-Apr-2026
...


- 17.90 लाख कैश के साथ कारोबारी गिरफ्तार बिलासपुर (ईएमएस)। पुलिस की सतर्कता ने छोटे नोटों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा गया आरोपी सिर्फ नकदी ही नहीं, बल्कि एक संगठित कमीशन नेटवर्क की कड़ी निकला। बेलगहना थाना क्षेत्र में पुलिस ने छोटे नोटों की अवैध सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 17 लाख 90 हजार रुपए के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पवन बजाज (35), कश्यप कॉलोनी का निवासी है, जिसे इस पूरे खेल की अहम कड़ी माना जा रहा है। 8 अप्रैल की रात बेलगहना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक दो सूटकेस और एक पि_ू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान सूटकेस और बैग से 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों की कुल 81 गड्डियां बरामद हुईं। इनकी कुल रकम 17.90 लाख रुपए आंकी गई। पूछताछ में आरोपी नकदी के स्रोत के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत रकम जब्त कर ली। कमीशनखोरी का खेल जांच में सामने आया है कि आरोपी छोटे नोटों की गड्डियां कमीशन पर सप्लाई करता था। उसे हर बंडल पर 200 से 1000 रुपए तक का मुनाफा मिलता था। उसका नेटवर्क छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश के कटनी, शहडोल और आसपास के शहरों तक फैला हुआ था, जहां वह व्यापारियों को ये नोट उपलब्ध कराता था। बताया जा रहा है कि आरोपी तांबा-पीतल स्क्रैप का कारोबार करता है, जिससे उसका बैंकों में नियमित संपर्क था। इसी का फायदा उठाकर उसने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से तालमेल बनाकर नोट जुटाने और सप्लाई का अवैध धंधा शुरू किया। हर पहलुओं से जांच जारी पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बैंकिंग सिस्टम में संभावित मिलीभगत को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनोज राज 10 अप्रैल 2026