राज्य
10-Apr-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पर्यटन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत 570 पर्यटन विकास परियोजनाओं के लिए करीब 687 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के मंदिरों, धामों और ऐतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। आगरा जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। बटेश्वर धाम में घाट विकास के लिए 19 करोड़ और प्रवेश द्वार निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली के विकास के लिए दो करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इसके अलावा कैला माता मंदिर, शीतलाकुंड धाम, गुरु का ताल गुरुद्वारा और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी बजट आवंटित किया गया है। सरकार का लक्ष्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और आर्थिक गतिविधियों को गति देना है। जितेन्द्र 10 अप्रैल 2026