-सपा प्रमुख ने एनडीए पर साधा निशाना नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन की इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनकर राजनीति से रिटायर हों, लेकिन अब हालात कुछ और ही दिशा में जाते दिख रहे हैं। सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि “इंडिया गठबंधन के कई सहयोगी चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनें और उसी पद से रिटायर हों, लेकिन अब ऐसा लगता है कि वे राज्यसभा सदस्य के रूप में ही रिटायर होंगे।” उन्होंने इसे जनता के साथ “बड़ा धोखा” करार दिया। गौरतलब है कि सपा प्रमुख ने इससे पहले भी अपने एक बयान में कहा था, कि उनकी पार्टी हमेशा चाहती थी कि विपक्ष का कोई मजबूत चेहरा प्रधानमंत्री बने। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जब समाजवादी पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया था, तब भी उनकी इच्छा थी कि मायावती प्रधानमंत्री बनें। उसी तरह, जब इंडिया गठबंधन का गठन हुआ तो उस समय भी कई दलों की इच्छा थी कि नीतीश कुमार इस भूमिका में सामने आएं। अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की राजनीति में ऐसे हालात बनाए गए हैं कि अब नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर राज्यसभा सदस्य के रूप में समाप्त होता दिख रहा है। हिदायत/ईएमएस 10मार्च26