कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम सरगबुंदिया में बीती रात चोरी की एक और बड़ी घटना सामने आई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सरगबुंदिया में संचालित हीरो शोरूम ‘नूर एजेंसी’ में रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच तीन अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के दौरान शटर तोडने की आवाज सुनकर पास में रहने वाले 108 एंबुलेंस चालक की नींद खुल गई। बाहर आकर उन्होंने देखा कि तीन व्यक्ति शोरूम से सामान लेकर निकल रहे हैं। उन्होंने तत्काल आवाज लगाई और कथित आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन चोर बाइक से भाग निकले। उसने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बाइक से करीब 3 से 4 किलोमीटर तक कथित आरोपियों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर फरार हो गए। तद्पश्चात उन्होंने शोरूम संचालक नवाज अरबी को सूचना दी तथा डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। फिलहाल चोरी हुए सामान का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। शोरूम संचालक द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। गौरतलब है कि उरगा थाना क्षेत्र में पिछले 20-25 दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पुलिस गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। 10 अप्रैल / मित्तल